2 जुलाई 2015 - 12:12
 हमास को दी आईएसआईएल ने धमकी।

आईएसआईएल ने गज़्ज़ा पट्टी में शरीयत क़ानून लागू न होने और हमास के समर्थकों पर हमला किए जाने के ख़िलाफ़ हमास को एक वीडियो संदेश द्वारा धमकी दी है।

आईएसआईएल ने गज़्ज़ा पट्टी में शरीयत क़ानून लागू न होने और हमास के समर्थकों पर हमला किए जाने के ख़िलाफ़ हमास को एक वीडियो संदेश द्वारा धमकी दी है।
16 मिनट के वीडियो में इस तकफ़ीरी आतंकवादी गुट के तीन सदस्यों को दिखाया गया है जिसमें दो लोग नक़ाब पहने हुए हैं और हमास को संबोधित कर उसे धमकी दे रहे हैं। ज्ञात रहे कि हमास ने गज़्ज़ा पट्टी पर छापा मार कर उन लोगों को गिरफ़्तार कर लिया था जो इस्राईल के साथ शांति समझौते और अमेरिकी समर्थित अलफ़तह के साथ संबंध बेहतर करने का विरोध कर रहे थे। गार्डियन समाचार पत्र की रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में नक़ाब पहने आतंकी ने धमकी दी है कि आईएसआईएल यहूदियों के राज्य इस्राईल को, तुम्हें (हमास) और फ़तह को उखाड़ फेंकेगा।
आईएसआईएल की ओर से जारी वीडियो में कहा गया है कि सभी धर्मनिरपेक्ष वर्गों की हमारे सामने कोई हैसियत नहीं है और तुम्हें जनता का सैलाब बहा ले जाएगा।
वीडियो में हमास को संबोधित करते हुए कहा गया है कि ग़ज़्ज़ा में इस्लामी क़ानून लागू कर दिया जाएगा जो तुम हमास के लोग नहीं कर सकते। वीडियो मे कहा गया है कि आज सीरिया के यरमूक शिविर में जो कुछ हम कर रहे हैं वही हम लोग ग़ज़्ज़ा में करेंगे।
ज्ञात रहे कि सीरिया के यरमूक में फ़िलिस्तीन शरणार्थी शिविर पर आईएसआईएल हमला कर दिया था जहां हमास समर्थकों और आईएसआईएल के आतंकियों के बीच भीषण लड़ाई हुई थी। आईएसआईएल का कहना है कि फ़िलिस्तीन की स्वतंत्रता का रास्ता इराक़ से होकर गुज़रता है जिसके हम बहुत ही पास पहुंच गये हैं, जबकि हमास इससे बहुत दूर होता जा रहा है।
वीडियो में आईएसआईएल ने ईरान और हिज़्बुल्लाह से अच्छे संबंध और राष्ट्रवादियों, धर्म निर्पेक्ष तत्वों और कम्युनिस्टों से संपर्क रखने पर हमास की कड़ी आलोचना की है।